औरैया। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के 25 वार्डों में डोर टू डोर कूड़े का उठान किया जा रहा है। पिछले एक साल से यह काम निरंतर चल रहा है। अब इस व्यवस्था के तहत हर घर से शुल्क वसूला जाएगा।
एक मार्च से न्यूनतम 50 रुपये प्रतिमाह हर मकान मालिक से शुल्क लेने की तैयारी नगर पालिका परिषद की ओर से की जा रही है। शहर में सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर पालिका परिषद के सफाई विभाग पर है।
इस काम में तीन सौ के करीब सफाई कर्मी और कूड़ा उठान के लिए 10 गाड़ियों व जेसीबी को लगाया गया है। शहर से रोजाना 19 क्विंटल कचरा निकलता है। सुबह होते ही मोहल्लों में सफाई कर्मी गाड़ी लेकर पहुंचते हैं। सीटी बजाते हुए प्रत्येक घर से कूड़ा उठान किया जाता है।
यह सिलसिला पिछले एक साल से चला आ रहा है। अब सफाई विभाग को मजबूती देने के लिए शुल्क वसूली को जरिया बनाया जाएगा। सफाई के संसाधन व व्यवस्थाएं इस शुल्क वसूली से बेहतर हो सकती हैं।
पालिका ने प्रत्येक वार्ड के मकान मालिकों की सूची व पर्ची तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को लेकर अलग मानक बनाया जा रहा है। पालिका सूत्रों की माने तो एक मार्च से इस शुल्क वसूली को प्रभावी किया जाना है।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर अब शुल्क लिया जाएगा। इस धनराशि के जरिए साफ-सफाई व्यवस्था को और धार दिया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था को लेकर रोडमैप बनाया जा रहा है। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।-रामआसरे कमल, ईओ नगर पालिका परिषद