अजीतमल कोतवाली के अनंतराम टोल टैक्स के पास बुधवार रात लूटी गई कार शुक्रवार को हाइवे पर मिल गई। कार मालिक ने पुलिस की मदद से लुटेरों को कार समेत घेर लिया।
पुलिस ने मौके से एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी पुलिस पार्टी पर फायर करते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह डॉ. रामनिरंजन त्रिपाठी, संतोष कुमार तिवारी, गिरजाशंकर व बबलू दूसरी कार से कानपुर से औरैया रिपोर्ट दर्ज कराने आ रहे थे। जैसे ही वह भाऊपुर के समीप आए, तभी उन्हें एक दिन पूर्व लूटी गई उनकी कार हाइवे पर जाती दिखाई दी।
उन्होंने तत्काल 100 नंबर तथा कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते कंट्रोल रूम से वायरलेस कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने जालौन चौराहे घेराबंदी कर ली। तभी कार का पीछा कर रहे राम निरंजन त्रिपाठी ने लूटी गई कार को ओवरटेक करते हुए चालक को पकड़ लिया।
लुटेरों ने जब अपने को घिरा देखा तो एक बदमाश ने फायर किया, जो मिस हो गया। एक बदमाश तमंचा दिखाकर मौके से भाग जाने में सफल रहा। दूसरे लुटेरे को भागते देख पब्लिक ने पकड़ लिया। पब्लिक ने लुटेरे की पिटाई की। मौके पर मौजूद पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उससे पूछताछ चल रही है।
पकड़े गए लुटेरे ने अपना नाम विवेक पुत्र रामनरेश निवासी बिठारी अजीतमल बताया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है।
बताते चले कि गत तीन जून को फैजाबाद निवासी डा. राम निरंजन त्रिपाठी अपनी लक्जरी कार से फैजाबाद से आगरा जा रहे थे, जैसे ही वह अजीतमल कोतवाली के अनंतराम टोल प्लाजा के पास पहुंचे। तभी अज्ञात लुटेरों ने कार लूट ली थी।