कमरे में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। किराना व्यापारी के घर में घुसे बदमाशों ने बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर घरवालों को बंधक बनाया और फिर अलमारी में रखी करीब दो लाख की जेवर-नकदी लूट ली। व्यापारी के मुताबिक बदमाशों की संख्या पांच थी और वे असलहों से लैस थे। विरोध करने पर बदमाशों ने पत्नी, बेटी के साथ मारपीट भी की। मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि मामला पड़ोसी से मारपीट व रंजिश का भी हो सकता है। जांच की जा रही है।
बाबरपुर कस्बे के विद्यानगर मोहल्ला निवासी राजेश सेंगर की घर पर ही किराने की दुकान है और वे खेती भी करते हैं। राजेश ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार की रात पत्नी कंचन देवी (48), पुत्र हिमांशु (18) के साथ छत पर सो रहा था। नीचे कमरे में उसकी पुत्री शिवांगी सो रही थी।
रात 12 बजे के करीब बदमाश घर के पिछले हिस्से से ऊपर चढ़ आए। छत पर सो रहे हिमांशू की गर्दन पर चाकू रगड़ते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बदमाशों ने सभी को धारदार हथियार व चाकू के बल पर बंधक बना लिया और मारपीट करते हुए नीचे कमरे में ले गए। कमरे में सो रही बेटी के साथ मारपीट कर अश्लील हरकतें की।
इसके बाद बदमाश नकदी व जेवर लेकर छत के रास्ते से ही भाग निकले। राजेश की पत्नी कंचन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि बेटी की शादी के लिए रखे 50 हजार रुपये व करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात बदमाश ले गए हैं।
कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश का कहना है कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। मामले में पड़ोसियों पर आशंका जताई गई है, मामला मारपीट और रंजिश का समझ में आ रहा है। जांच की जा रही है, जांच में तथ्य सामने आएंगे कार्रवाई की जाएगी।
घायल परिजन। संवाद- फोटो : AURAIYA