औरैया। शहर के खानपुर चौराहे पर शनिवार को रोडवेज बस से उतर रहे एक दिव्यांग यात्री के पैर पर बस का पहिया चढ़ने के मामले को एआरएम ने संज्ञान लिया। लापरवाही पर चालक-परिचालक को ड्यूटी से हटाकर उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
औरैया डिपो की रोडवेज बस इटावा से आ रही थी। खानपुर चौराहे के पास उतरते समय इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी हरीहरपुर निवासी दिव्यांग महाराज सिंह बस से नीचे गिर गया था और उसके पैर में बस चढ़ने से वह घायल हो गया था। दिव्यांग ने चालक व परिचालक पर लापरवाही का आरोप लगा एआरएम से शिकायत से की थी। यातायात पुलिस ने उसका इलाज संयुक्त जिला अस्पताल में कराया था।
इस बीच दुर्घटना करने वाली बस को चालक वहां से भगा ले गया था। इधर अस्पताल में युवक के पैर में फ्रैक्चर होते देख उसका प्लास्टर करवाया। जांच पड़ताल के दौरान यातायात दरोगा दिनेश सिंह ने घायल दिव्यांग के पास मिले टिकट के आधार पर बस की डिपो पहुंचकर तलाश की। जहां मामला कुछ और ही निकला।
घायल यात्री को बस के परिचालक की ओर से जिस बस का टिकट दिया गया था, वास्तव में वह बस चार दिन से खराबी के कारण डिपो की कार्यशाला में ही खड़ी मिली। इससे रोडवेज डिपो के अधिकारियों की एक बड़ी गड़बड़ी भी सामने आई। मामला आरएम इटावा बीपी अग्रवाल के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने इसकी जांच के निर्देश दिए।
एआरएम आरएस चौधरी ने दुर्घटना करने वाली बस के चालक ब्रजेश व परिचालक भुवनेश को लापरवाही के चलते ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए।
एआरएम आरएस चौधरी ने बताया कि चालक-परिचालक को ड्यूटी से हटा दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।