औरैया। धान की खरीदारी के लिए नवंबर से जिले में धान क्रय के लिए 24 केंद्र खुले हैं पर अभी तक किसी में भी खरीद नहीं हो सकी है। हाईब्रिड धान बेचने वाले किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराते वक्त बीज विक्रेता द्वारा जारी हाईब्रिड प्रमाण पत्र को वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसके बाद ही उसके हाईब्रिड धान को खरीदा जाएगा।
जिले में 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए 24 क्रय केंद्र खोले गए हैं। अब तक तीन हजार से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले किसानों का सत्यापन होने के बाद धान की खरीदारी के लिए ऑफलाइन टोकन दिया जाएगा।
इसके बाद किसान क्रय केंद्रों पर जाकर अपना धान बेच सकेंगे। वहीं, क्रय केंद्रों पर हाईब्रिड धान बेचने वाले किसानों को धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराते समय बीज विक्रेता द्वारा जारी हाईब्रिड प्रमाण पत्र को भी वेबसाइट पर अपलोड करना पड़ेगा, जो किसान वेबसाइट पर बीज विक्रेता द्वारा जारी हाईब्रिड प्रमाण पत्र को अपलोड नहीं करेंगे। उनका धान नहीं खरीदा जाएगा।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने कहा कि हाईब्रिड धान बेचने वाले किसानों को धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराते समय बीज विक्रेता द्वारा जारी हाईब्रिड प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसके बाद ही उनका धान क्रय केंद्रों पर खरीदा जाएगा।