स्टेशन के शौचालय में लटका ताला और उसके सामने जमीन पर बैठे यात्री।संवाद
बिधूना। कस्बे में तहसील के पास बने रोडवेज बस स्टेशन पर शनिवार को अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। सुबह 11:07 बजे की गई पड़ताल के दौरान स्टेशन प्रभारी रंजन चौधरी के कमरे में ताला लटका मिला। अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। वहीं, चौकीदार सुभाष कार्यालय कक्ष में सोते मिले। उन्हें जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं जागे।
स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए सुविधाओं का भी अभाव है। शौचालय में ताला लगा मिला। पूछताछ कार्यालय कक्ष में बाइक खड़ी थी। विभिन्न मार्गों की बसों के समय से संबंधित पोस्टर और बैनर भी पुराने और जर्जर हालत में दिखाई दिए। स्टेशन पर बना कैंटीन कक्ष अस्त-व्यस्त था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में कई रोडवेज बसें स्टेशन पर नहीं पहुंचती हैं। औरैया से आने वाली बसें भगत सिंह चौराहे से होकर सुबह सीधे आगरा की ओर निकल जाती हैं। कानपुर से दिल्ली जाने वाली बसें भी चौराहे पर सवारियां लेकर आगे चली जाती हैं। इटावा से आने वाली आगरा रूट की बसें भी स्टेशन में प्रवेश नहीं करतीं हैं। आजाद नगर और विकास नगर डिपो की करीब 30 से 35 बसें संचालित होने के बावजूद एक या दो छोड़कर अन्य बसें भगत सिंह चौराहे से ही वापस कानपुर की ओर चली जाती हैं। स्टेशन पर रात में कुछ बसें नाइट हॉल्ट के लिए खड़ी होती हैं।
एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण कुछ दिक्कत आ रही है। बिधूना स्टेशन प्रभारी बीमारी की समस्या के ग्रस्त होने कारण अक्सर अवकाश पर रहते हैं। ड्यूटी पर आने पर वह स्टेशन पर मौजूद रहते हैं। अन्य कर्मचारियों को भी ड्यूटी में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि कानपुर डिपो की बसों को स्टेशन तक लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी।
स्टेशन के शौचालय में लटका ताला और उसके सामने जमीन पर बैठे यात्री।संवाद