औरैया। शहर से पांच किलोमीटर दूर ऐतिहासिक देवकली व मंगला काली मंदिर आने-जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ अवैध खनन व एआरटीओ विभाग की ओर से पकड़े गए वाहन खड़े कर दिए गए हैं। बीच के खुले मार्ग पर पुलिस ने बैरियर लगा दिया है। इसके कारण राहगीरों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है। श्रद्धालुओं में नाराजी है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल मार्ग खोलने की मांग की है।
लोगों ने जताई नाराजगी
सामाजिक संस्था एक विचित्र पहल के अध्यक्ष आनंद नाथ गुप्ता का कहना है कि ककोर मुख्यालय में एआरटीओ कार्यालय के सामने काफी जमीन खाली पड़ी है। बावजूद इसके पकड़े गए वाहनों को देव स्थलों को आने-जाने वाले मार्ग पर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध किया जाना गलत है। इस मार्ग से अतिशीघ्र वाहनों को हटवाया जाए।
देवकली व मंगला काली मंदिरों को लोग पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं। वहीं खनन अधिकारी पकड़े गए ओवरलोड वाहनों को देवस्थलों के पास मार्ग पर खड़े कर आवागमन अवरुद्ध कर रहे हैं। इन ट्रकों को ककोर मुख्यालय के पास खाली पड़ी जमीन पर खड़ा किया जाए तो श्रद्धालुओं को होने वाली दिक्कत दूर हो जाएगी।
राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संस्थान भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम विश्नोई ने इसे अधिकारियों की मनमानी करार दिया। कहा कि एक तो सड़क के दोनों तरफ ट्रक खड़े कर दिए गए, ऊपर से बीच से आने-जाने के रास्ते पर बैरिकेडिंग लगा दी। इससे आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
वर्जन
सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।