अयाना (औरैया)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण में अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड डंपरों को फर्राटा भरने से सड़कें जर्जर होती जा रही हैं। इससे लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसको लेकर यहां के लोगों में खासी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक नतीजा सिफर ही रहा है।
किसानों का कहना है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण में ठेकेदार मानक से ज्यादा खुदाई कर रहे हैं। मानक 4-5 फीट गहराई का है, जबकि खेत को खोदकर तालाब बनाए दे रहे हैं। वहीं, ओवरलोड डंपरों के दौड़ने से सड़कें जर्जर हो जा रही हैं। जेसीबी से खुदाई के दौरान अड्डा गांव की पानी की पाइप लाइन तोड़ दी गई। इससे पानी का संकट खड़ा हो गया।
एसआई सतीश चंद्र ने 22 सितंबर को जिलाधिकारी अभिषेक सिंह और उप जिलाधिकारी को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण में ठेकेदारों द्वारा की धांधली पर रोक लगाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। इलाकाई लोगों की मांग है कि अवैध खनन और ओवरलोड डंपरों के फर्राटा भरने पर अविलंब रोक लगाई जाए।