-शोरूम पर खड़ीं इलेक्ट्रिक स्कूटी। संवाद
औरैया। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ईंधन बचत व प्रदूषण नियंत्रण की अपील का असर अब दिखाई दे रहा है। इसके चलते इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में तेजी आई है, खासकर स्कूटी की बिक्री बढ़ी है।
जिले के विभिन्न शोरूमों और एजेंसियों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। ग्राहक स्कूटी, ई-रिक्शा, ऑटो और कार जैसे इलेक्ट्रिक वाहन खरीद रहे हैं। बड़ी कंपनियों की इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने के लिए लोग बुकिंग भी करा रहे हैं। मनचाहे रंग की स्कूटी तीन से चार दिन बाद उपलब्ध होती है। वहीं, बिना रजिस्ट्रेशन वाली स्कूटी आसानी से मिल रही हैं। बढ़ती ई-वाहनों की मांग दर्शाती है कि लोग पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत को लेकर गंभीर हैं।
एजेंसी संचालकों के अनुसार, ई-20 पेट्रोल मिलने के बाद से ईवी वाहनों की मांग बढ़ी है। बाइक की बिक्री पहले की तुलना में लगभग 40 फीसदी कम हो गई है। जबकि इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग में 30 से 35 फीसदी का इजाफा हुआ है।
-
पर्याप्त उपलब्ध हैं इलेक्ट्रिक वाहन
ई स्कूटी की मांग अचानक काफी बढ़ गई है मगर यहां पर पर्याप्त मात्रा में वाहन उपलब्ध हैं। ग्राहक के आने पर जो स्कूटी वह पसंद करता है उसकी बिक्री कर दी जाती है। - अमित कुमार
-
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से लोग अब इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। शोरूम पर रोजाना दर्जनों ग्राहक पूछताछ के लिए आ रहे हैं। स्कूटी की मांग में लगभग 30 से 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। - उत्कर्ष मित्तल
-शोरूम पर खड़ीं इलेक्ट्रिक स्कूटी। संवाद
-शोरूम पर खड़ीं इलेक्ट्रिक स्कूटी। संवाद