अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड गांव गढ़ा के पास मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम ने 12 हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी दो साल से फरार चल रहा था। आईजी ने आरोपी पर 12 हजार रुपये का इनाम रखा था। तब से पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
कैंप कार्यालय में वार्ता के दौरान एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि गत 1 अप्रैल 2014 को गांव गढ़ा थाना अजीतमल में रायपुर मडैया थाना सिरसाकलार जिला जालौन निवासी अभियुक्त हरिशचंद्र लोधी ने अपने रिश्तेदार गढ़ा थाना अजीतमल निवासी रविंद्र लोधी व हुलासी पुर्वा थाना मंगलपुर जिला कानपुर देहात निवासी प्रेम बहादुर के साथ मिलकर दिगुआ थाना मेरथ लि दतिया मध्य प्रदेश निवासी मनोज कुमार को छीतापुर के जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से काट डाला था। शव को जंगल में छिपाकर फरार हो गए थे।
आरोपी हरिशचंद्र दो साल से अधिक समय से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए डीजीआई कानपुर जोन की ओर से 12 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश मिश्रा को उन्हाेंने व एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया था। स्वाट टीम काफी समय से अभियुक्त हरिशचंद्र लोधी की तलाश में लगी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश मिश्रा की टीम रविवार रात को हाईवे पर गश्त करने लगी। रविवार की लगभग 2.30 बजे अखिलेश मिश्रा ने टीम के साथ घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है।