औरैया।इनकम टैक्स के दायरे में आने वाले, पांच एकड़ से अधिक जमीन होने के बाद भी फ्री राशन लाभ ले रहे है। इनको अपात्र मानते हुए उनके राशन काटने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। बता दें कि जिले में ऐसे चार हजार से अधिक राशन कार्डों की जांच विभागीय स्तर से कराई जा रही है।
जिले में राशन कार्ड धारकों की संख्या दो लाख 70 हजार 649 है। इनमें कुल लाभार्थियों की संख्या 10 लाख 54 हजार 677 है। पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड धारकों की संख्या दो लाख 19 हजार 143 है। पात्र गृहस्थी के कुल लाभार्थी आठ लाख 87 हजार 643 है। इसी प्रकार अंत्योदय कार्ड धारकों की संख्या 51 हजार 506 और इनके कुल लाभार्थियों की संख्या एक लाख 67 हजार 34 है। ऑनलाइन राशन वितरण के बाद अब सभी लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराई जा रही है। जिसमें सामने आया है। कि जिले में चार हजार राशन कार्ड धारक ऐसे हैं जो आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद भी राशन ले रहे हैं। इनमें पांच एकड़ से अधिक जमीन वाले 885 कार्ड धारक, इनकम टैक्स देने वाले 1,672 कार्डधारक शामिल है। जबकि 1,507 राशन कार्डों में मृतकों का राशन लिया जा रहा है। आयकर देने वालों में 98 और पांच एकड़ से अधिक जमीन वालों में 212 राशन कार्ड काटे गए है। जबकि 1507 में 845 यूनिट हटाए गए है। यह वह यूनिट हैं। जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
बोले जिम्मेदार
विभागीय निर्देशों के तहत सभी लाभार्थियों की जांच कराई जा रही है। अब तक जांच में अब तक 310 राशन कार्ड काटे जा चुके हैं। तो वहीं 845 यूनिट भी राशन कार्ड से हटाए जा चुके है। जांच अभी जारी है। आगे भी पात्रता न पाए जाने पर अन्य नामों को हटाया जाएगा और राशन कार्ड भी निरस्त किए जाएंगे। - राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी