औरैया। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं। ऐसे में लोगों ने बच्चों के साथ बाहर घूमने या रिश्तेदारों के घर जाने की योजनाएं तो बना ली है लेकिन ट्रेनों की स्थिति देखकर वह परेशान हैं। फिलहाल ट्रेनें फुल दिख रही हैं।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली अधिकांश प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण फुल हो चुका है। स्थिति यह है कि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में जुलाई से पहले कोई सीट उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते यात्रियों को दिक्कत हो रही है।
गर्मियों में यात्रियों की भारी भीड़ के चलते रेलवे की बुकिंग विंडो पर लंबी वेटिंग लिस्ट दिखने लगी है। फफूंद स्टेशन से गुजरने वाली नेताजी एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में तो टिकट मिलना ही बंद हो गया है।
उधर, दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी भारी मारामारी है। दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में भी आरक्षण नहीं मिल रहा है। इस ट्रेन में भी 20 मई तक सीटें फुल है। फिलहाल 21 मई में सीट खाली दिख रही है। हालांकि लखनऊ और आगरा रूट पर यात्रियों को थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है। (संवाद)