सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा खानपुर के मोहल्ला रहमतगंज निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
तहरीर के आधार पर महिला थाने में महिला के पति, ससुर, सास, दो ननद व दो जेठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महिला थाने में दी तहरीर में खानपुर के मोहल्ला रहमतगंज निवासी शमशीदा पत्नी नसीम खां ने बताया कि उसकी पुत्री नूर अफ्सा की शादी जुलाई 2017 को बील्हापुर थाना भोगनीपुर जिला कानपुर देहात निवासी कमाल खां उर्फ कुइया पुत्र अंसार खां के साथ हुई थी।
पुत्री के ससुराल वाले बोलेरो कार व पांच लाख रुपये नगद की मांग को लेकर पुत्री को प्रताड़ित करते थे। प्रताड़ना बढ़ने पर उन लोगों ने ससुराल वालों को पांच लाख रुपये दिए। इसके बाद भी वह प्रताड़ित करते रहे।
इस बीच उसकी पुत्री गर्भवती हो गई। पुत्री के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी होने पर वह 6 जनवरी 2020 को उसे मायके ले आए। 29 मई 2020 को पुत्री के ससुराल वाले कार से औरैया आए।
पति, सास, ससर ननद व जेठ ने उसकी पुत्री के साथ मारपीट की। आठ माह की गर्भवती होने के कारण मारपीट किए जाने व जमीन पर गिराए जाने से उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने मृत बच्चे को जन्म दिया।
इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष संगम भदौरिया ने बताया कि पीड़ित मां की तहरीर पर पति कमाल खां, ससुर अंसार खां, सास शहनशाह उर्फ शहनाज, ननद अजमतुन व बेहतरीन, जेठ इमरान व भोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।