औरैया। दिबियापुर कस्बे के नहर बाजार में पीडब्ल्यूडी की ओर से तकरीबन 300 मकानों पर नोटिस चस्पा कराए गए हैं। पीडब्ल्यूडी की जमीन के जद में आ रहे इन मकानों पर लाल निशान भी लगाए जा रहे हैं।
विभाग ने कब्जेदारों को स्वयं कब्जा हटा लेने की चेतावनी दी है। कहा है कि ऐसा न करने पर प्रशासन जेसीबी से इस जमीन को खाली कराएगा।
बिलराया-पनवाड़ी मार्ग दिबियापुर कस्बे के नहर बाजार से होकर निकला है। पीडब्ल्यूडी की ओर से इस सड़क के दोनों छोरों पर पैमाइश करते हुए मकानों पर लाल निशान लगाए जा रहे हैं। बेला रोड से लेकर नहर बाजार तक यह कवायद चल रही है।
पीडब्ल्यूडी की जद में दोनों छोर के मकानों का आंशिक हिस्सा ही आ रहा है। कुछ जगह टिनशेड तो कुछ मकानों के छज्जे इस पैमाइश में आ रहे हैं। इसके लिए मकानों पर लाल निशान लगाने के साथ नोटिस भी चस्पा कराए गए हैं। जिसमें 11 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अविनाश कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन की जद में आ रहे भवनों को कब्जेदार स्वयं हटा लें, नहीं तो जेसीबी से कब्जे हटाए जाएंगे। स्वयं कब्जा हटा लेने पर भवनों का काफी कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बच सकता है।