औरैया। अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए विद्यालयों को पंजीकरण कराना होगा। ट्रायल का आयोजन सैफई में 11 जुलाई से होगा। विद्यालयों के पंजीकरण के संबंध में सोमवार को शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने आदेश दिया है।
जिला फुटबॉल फेडरेशन के सचिव मनीष मिश्रा व कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने सोमवार को प्रदेश के सभी संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी किया है। इसमें जुलाई माह से पहले सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक विद्यालयों को पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। बताया कि सैफई स्पोटर्स कॉलेज में 11 से 20 जुलाई के बीच में ट्रायल आयोजित होंगे।
प्रतिभाग करने के लिए छात्रों का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। छात्र ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं। ऑफ लाइन आवेदन में छात्रों को अपना फार्म सैफई स्पोटर्स कॉलेज के प्रधानाचार्य के पास जमा कर सकते हैं, या फिर उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय की वेबसाइट पर जाकर आवेदन फार्म को भर सकते हैं। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश की टीम में जगह दी जाएगी।