औरैया। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भड़ारीपुर में शौचालय निर्माण में अनियमितता के मामले में डीएम ने तत्कालीन व वर्तमान पंचायत सचिव और निवर्तमान प्रधान के खिलाफ करीब छह लाख रुपये का रिकवरी नोटिस जारी करने के निर्देश डीपीआरओ व डीडीओ को दिए हैं।
ग्राम पंचायत भड़ारीपुर के ग्रामीणों ने तत्कालीन डीएम अभिषेक सिंह को पत्र दिया था। उन्होंने निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रीती द्विवेदी व तत्कालीन पंचायत सचिव नीरज पांडेय (वर्तमान तैनाती अजीतमल) व पंचायत सचिव अरुण कुमार के खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर अब तक 235 शौचालयों के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया था।
डीएम ने अधिकारियों की कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। जिसमें करीब 106 शौचालयों में कमी पाई गई। कई शौचालय अधूरे बने पाए गए। डीएम सुनील कुमार वर्मा ने प्रकरण संज्ञान में आने पर वर्तमान व तत्कालीन पंचायत सचिव व प्रधान के खिलाफ लगभग छह लाख रुपये की रिकवरी का नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि रिकवरी न होने की दशा में एफआईआर दर्ज कराई जाए।