औरैया। जनपद में आज दशहरा के दिन 16 जगहों पर रावण का पुतला फूंका जाएगा जिसकी कमेटी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। तीन अक्तूबर को पांच जगहों पर रावण दहन किया जाएगा। इन जगहों पर पुलिस की तरफ से भी तैयारी पूरी कर ली गई है। एसपी सभी थानाध्यक्षों को कानून व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार औरैया में दो, दिबियापुर में चार, सहार में दो, अजीतमल में तीन, फफूंद एक, अयाना में एक, अछल्दा में एक, एरवाकटरा में एक, कुदरकोट में एक जगह पर रावण का पुतला तैयार किया गया जो दशहरे के दिन फूंका जाएगा जबकि तीन अक्तूबर को अजीतमल में एक, फफूंद में दो, अछल्दा में दो जगहों पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। कमेटी की तरफ से इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। इन पुतलों में आकर्षक अतिशबाजी लगाई गई है। इसके अलावा पुतला दहन के दौरान भी अलग से अतिशबाजी की जाएगी।
इस दौरान कोई भी पास में न जाए, इसके लिए कमेटी व पुलिस की तरफ से इंतजाम किए गए हैं। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि थाना व कोतवाली के प्रभारियों को पुतला दहन के दौरान सचेत रहने के निर्देश दिए हैं। साथ पुतले के आसपास रहने को कहा गया है जिससे आम व्यक्ति पास में जाने न पाए।
-
सुरक्षा के पूरे होंगे इंतजाम, तैनात रहेगी पुलिस
जिलेभर में गुरुवार को दशहरा की धूम रहेगी। सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रमों के बीच रावण के पुतले का दहन होगा। यहां पर किसी तरह से सुरक्षा में चूक न हो। इसे लेकर पुलिस व प्रशासन की पुख्ता नजर रहेगी। ड्रोन कैमरों से लगातार भीड़ पर नजर रखी जाएगी। साथ ही साथ दमकल व पुलिस का अमला मौके पर मौजूद रहेगा। भीड़भाड़ को काबू करने के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही साथ मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने इसे लेकर ट्रेफिक पुलिस मोर्चा संभालेगी। डीएम व एसपी की ओर से इस संबंध में किसी तरह की लापरवाही न होने के निर्देश दिए गए हैं। निकायों की ओर से भी जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।
फोटो-01एयूआरपी04- पान तैयार करते विनोद गहोई। संवाद
एक दिन पहले पान की खूब आई डिमांड
औरैया। दशहरा पर्व पर एक दूसरे को पान खिलाने की रिवाज होती है, जिसे देखते हुए बुधवार को पान की दुकानों पर काफी भीड़भाड़ रही। एक दिन पहले ही बड़े पैमाने पर पानों की बुकिंग की गई। पान के दुकानदार सुबह से लेकर शाम तक पान बनाने में जुटे रहे। शहर के कानपुर रोड स्थित पान विक्रेता विनोद गहोई ने बताया कि एक हजार के करीब पान बनाने के आर्डर आ चुके हैं। पान तैयार किए जा रहे हैं।
फोटो-01एयूआरपी 03- दिबियापुर में तैयार हो रहा रावण का पुतला। संवाद