.दिबियापुर। रेलवे स्टेशन फफूंद पर पे एंड यूज शौचालय में रेट सूची न लगे होने की समस्या को रेल अधिकारियों ने संज्ञान में लिया। शौचालय के बाहर ठेकेदार की ओर से आनन फानन रेट सूची लगाई गई। तय रेट के अनुसार यूरिनल का फ्री इस्तेमाल कर सकेंगे। जबकि शौचालय के लिए पांच रुपए देने होंगे। इस समस्या को आठ फरवरी के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
कुछ महीनों पहले फफूंद रेलवे स्टेशन पर पे एंड यूज शौचालय के लिए ठेका आवंटित हुआ था। ठेकेदार ने यहां आकर शौचालय शुरू भी कर दिया, लेकिन काफी दिनों बाद भी शौचालय के बाहर रेट सूची चस्पा नहीं की गई थी। यात्रियों के अनुसार रेट सूची न लगे होने के कारण शौचालय संचालक की ओर से शौचालय प्रयोग के लिए यात्रियों से मनमाने रुपए वसूल किए जा रहे थे। संबंधित शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर हुई।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मंडल रेल प्रबंधक ने ट्वीट कर उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को मामला देखने के लिए कहा। जबकि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने एक्स पर बताया था कि संबंधित क्षेत्र के सीएमआई (कामर्शियल इंस्पेक्टर) को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया है। गुरुवार आठ फरवरी को इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। अमर उजाला की खबर को सोशल मीडिया एक्स पर डालने के बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने एक्स पर एक फोटो शेयर की। इसमें शौचालय के बाहर रेट सूची लगी है। रेट सूची के अनुसार यूरिनल (पेशाब) के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। जबकि शौचालय के पांच रुपए एवं स्नान के लिए 10 रुपए देने पड़ेंगे। शौचालय के बाहर रेट सूची लग जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।