मृतक के घर पर लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : amar ujala beuro
जिला मुख्यालय ककोर के समीपवर्ती गांव आजादनगर के घरों में गुरुवार दोपहर हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से कोहराम मच गया। मोबाइल का चार्जर निकाल रहे युवक की करंट से मौत हो गई, जबकि अन्य 12 लोग झुलस गए। घरों में लगे हजारों रुपये के इलेक्ट्रानिक उपकरण भी हाईवोल्टेज से फुंक गए। यह हादसा एलटी लाइन पर एचटी लाइन का तार गिरने से हुआ। आनन-फानन ककोर विद्युत केंद्र को सूचना देकर बिजली की सप्लाई बंद कराई गई।
गुरुवार दोपहर साढ़े बारह बजे आजादपुर गांव से गुजरी एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर पड़ा। इससे ककोर विद्युत केंद्र के जौंरा फीडर से जुड़ी लाइन का वोल्टेज हाई हुआ और गांव के घरों में करंट दौड़ गया। गांव निवासी भगवान सिंह के पुत्र राजेंद्र सिंह (32) की करंट से मौत हो गई। वह पड़ोसी तिलक सिंह के घर में चार्जिंग पर लगा अपना मोबाइल निकालने गया था। करंट लगने से गांव की अंगूरी देवी (45) पत्नी ओम प्रकाश, नरेंद्र (32) पुत्र लेजम सिंह, पुष्पा देवी (34) पत्नी विनोद, मनोज (24) पुत्र कप्तान, रुझान देवी (42) पत्नी ओम प्रकाश आदि एक दर्जन से अधिक लोग करंट से झुलस गए।
गंभीर रूप से झुलसी अंगूरी देवी को परिजनों ने तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य लोग निजी डाक्टरों से इलाज करा रहे हैं। ग्राम प्रधान सतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तुरंत ककोर विद्युत केंद्र को फोन पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई गई। हाईवोल्टेज से घरों में टीवी और पंखे आदि हजारों रुपये के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। घटना की सूचना पर दिबियापुर के विधायक प्रदीप यादव मौके पर पहुंच गए। इस बाबत ककोर विद्युत केंद्र के जेई विवेक खरे ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे वह खुद विद्युत केंद्र पर मौजूद थे। केंद्र के किसी कर्मचारी को तार टूटने की जानकारी नहीं है। घटना की जांच कराई जाएगी। एक्सईएन पंकज शर्मा ने बताया कि एलटी लाइन पर एचटी लाइन का तार गिरने से घरों में करंट दौड़ गया। घटना की जानकारी जुटाकर इसकी जांच कराई जाएगी। उसी के बाद मुआवजा की बात तय होगी।