औरैया। एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। पंजीकरण में आधार नंबर फीड करना होगा।
डिप्टी आरएमओ सुधांशु शेखर चौबे ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2021-22 में पंजीकृत किसानों से गेहूं की खरीद एक अप्रैल से की जाएगी। किसान अपना पंजीकरण विभाग की वेबसाइट पर करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के दौरान किसान द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसके बाद ही पंजीकरण लॉक किया जाएगा।
वेबसाइट पर जनसुविधा केंद्र के जरिये रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। जो किसान खरीफ सीजन में धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच चुके हैं, उन्हें गेहूं के लिए फिर से पंजीकरण कराना होगा। इस बार विभाग ने ऐसे किसानों को नई सुविधा दी है, वो अपने परिवार के किसी व्यक्ति को नामित कर सकते हैं।