बुधवार को हुई बारिश से मौसम खुशगवार रहा। प्रात: सात से करीब ढाई घंटे तक रुक- रुककर बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई। वही मौसम में आर्र्दता की मात्रा काफी रही।
बुधवार सुबह हुई बारिश से आमतौर पर खेतीबाड़ी में कोई खास प्रभाव नही पड़ा। कुछेक किसानों के खेतों में कटे पडे़ गेहूं, जिनकी थ्रेसिंग नहीं हो सकी, उनके गट्ठे जरूर भीग गए। इसके अलावा जिन किसानों का खेतों में भूसा पड़ा था, वह भी भीग गया।
जानकारों का कहना है कि इस बारिश से जिन ख्ेातों में खरबूजा और तरबूज है, वह खराब हो सकते हैं। इनके फलों में कीडे़ लगने की संभावना बन रही है।
दूसरी ओर इनकी मिठास गायब होना तय है। सहार ब्लाक के ताजपुर छौंक, बहलोलपुर, पुर्वा फकीरे, बर्रू, भटौली एवं अरियारी आदि क्षेत्रों में बहुतायत से होने वाली खरबूजे की फसल को काफी नुकसान की संभावना है।
उधर सुबह से ही बारिश की शुरूआत होने से स्कूलों में छात्रों की संख्या न के बराबर रही, जो बच्चे घर से निकल चुके थे। वह भी बारिश में भीगते हुए विद्यालयों को पहुंचे । नगर में हुई बारिश से लोहियानगर, बेला रोड एवं रामकृष्ण नगर आदि वार्डो में सड़कों पर जलभराव नजर आया।
समीपस्थ कस्बा रामगढ़ होकर गुजरे दिबियापुर के नवनिर्मित सड़क मार्ग के किनारे नालियां न बनाए जाने से के कारण कस्बा रामगढ़ के कई घरों में पानी भर गया। लोगों ने कहा कि रामगढ़ में सड़क किनारे नाला बनवाया जाए ताकि घरों में पानी न भरे।