बिधूना। शुक्रवार रात बिधूना तहसील क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली। रात करीब 8:45 बजे तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश शुरू हो गई।
मौसमी बदलाव ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों को ठंड का अहसास अधिक हुआ। तेज हवा और बारिश ने वातावरण को सर्द बना दिया। इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों के अनुसार यह बारिश आलू और सरसों की फसलों के लिए विशेष रूप से नुकसानदेह साबित हो सकती है।
आलू की फसलें पहले से ही विभिन्न रोगों की चपेट में हैं, ऐसे में इस बारिश से और अधिक क्षति पहुंचने की आशंका है। यदि बारिश लंबे समय तक जारी रही तो उत्पादन पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। बेला क्षेत्र में बूंदाबांदी के साथ जिले भर में बादल छाए रहे।
मौसम विज्ञानी डॉ. रामपलट के अनुसार अचानक बदलाव के आसार पहले से बने हुए थे। (संवाद)