क्षेत्र के गांव लछियामऊ में मंगलवार सुबह गाय को चारा डालने गई महिला दीवार गिरने से दब गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत से घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।
सोमवार रात मूसलाधार बारिश से हर जगह पानी भर गया था। लछियामऊ गांव के मजरा ललई का पुर्वा निवासी रन्नो देवी पत्नी भगवानदीन अपनी गाय को चारा डालने गई थी। उसी समय मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। रन्नो देवी उसके नीचे दब गई। आस पास के लोग दौड़े और मिट्टी का ढेर हटाकर महिला को बाहर निकाला। लेकिन उसकी दम घुटने से मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का परिवार बहुत गरीब है। उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मंाग की है।
बिजली गिरने से चार मोर मरे
क्षेत्र कोे गांव गुनोली में बिजली गिरने से चार मोर की मौत हो गई। वहीं सितोरा गांव में बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। गुनोली गांव में सुबह खेतों पर बिजली गिर पड़ी। इससे वहां घूम रहे चार मोर उसकी चपेट में आ गए। दोपहर में खेत गए ग्रामीणों को चार मोर मृत अवस्था में मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी। इसके अलावा गांव सितोरा में राकेश कुमार की भैंस खुले में बंधी थी। सुबह बिजली कड़की और भैंस के ऊपर गिर पड़ी। इसके उसकी मौत हो गई। पीड़ित राकेश कुमार ने प्रशासन से मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
बिजली गिरने से इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंके
कस्बे के महेवा अड्डा के पास एक घर में बिजली गिरने से इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। वहीं घर का छज्जा टूट गया। सोमवार रात बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इसी दौरान महेवा अड्डा निवासी टेलीफोन एक्सचेंज कर्मचारी बारेलाल के मकान पर बिजली गिर गई। इससे तेज धमाके के साथ छज्जा टूट गया। वहीं डिश केबिल के सहारे हाई वोल्टेज करंट आने से कमरे में रखा इन्वर्टर फट गया। इसके अलावा टीवी सहित अन्य उपकरण भी फुंक गए। घटना में घर के लोग बाल-बाल बच गए।