औरैया। पिछले एक सप्ताह से चल रही गेहूं की कटाई शनिवार शाम को हुई बारिश के बाद थम गई। यह बारिश केवल तेज हवा चलने तक ही सीमित नहीं रही, क्योंटरा गांव में ओले भी गिरे।
ओलावृष्टि के चलते गांव में खड़ी गेहूं की फसल तहस-नहस हो गई। बिजली सप्लाई भी लड़खड़ा गई। रविवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो आफ की बारिश से फसल को हुए नुकसान से परेशान दिखे।
रविवार को भी शाम को बदली और गरज के साथ कभी धीमी तो कभी तेज बारिश होती रही। शनिवार शाम घने बादलों के बीच तेज हवा के साथ हुई बारिश ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी। जिले में मौसम का सबसे ज्यादा कहर क्योंटरा गांव में दिखा। यहां पर ओले गिरने से कई खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई। ओले गिरने से गेहूं में भारी नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
किसान गेहूं के रंग पर असर आने का अंदेशा जता रहे हैं। शनिवार को जिलेभर में हुई दो एमएम बारिश हुई। रविवार सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो गेहूं के गट्ठरों को सुखाने के लिए उलटा-पलटी करते नजर आए।
किसानों की सूचना पर सुबह कृषि विभाग के कर्मी गांव पहुंचे। जहां खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। उधर, रविवार सुबह तेज धूप खिलने पर किसानों ने राहत की सांस ली लेकिन दोपहर बाद बादलों की फिर से दस्तक हुई। एरवाकटरा क्षेत्र में कुछ देर बारिश भी हुई। सात अप्रैल को बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
वहीं, शनिवार को हुई बारिश व तेज हवा के साथ बिजली लाइनों में कई जगह फॉल्ट हुए। जर्जर बिजली की लाइनों में यह समस्या ज्यादा रही। ऐसे में लाइनमैनों की टीम रात में दौड़ती रही। फॉल्ट को दुरुस्त कराने का काम चलता रहा।
-
फसल को सुरक्षित कर लें किसान : डॉ. रामपलट
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामपलट ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव आठ अप्रैल तक जारी रहेगा। सात अप्रैल को तो बारिश के आसार हैं। ऐसे में कट चुके गेहूं के गट्ठरों को किसान सुरक्षित कर लें। तेज धूप में सुखाने के बाद नमी कम होते ही कटाई करा लें। फिलहाल दो दिन तक बूंदाबांदी के आसार हैं। तेज धूप में फसल जल्दी सूखेगी। समय रहते गेहूं की कटाई कर नुकसान से बचा जा सकता है।
-
तेज हवा के साथ हुई बारिश से कुछ हद तक नुकसान होता है। क्योंटरा में ओले गिरे हैं। ऐसे में नुकसान को लेकर निरीक्षण करते हुए जायजा लिया जा रहा है। बीमा योजना के दायरे में आने वाले किसानों के नुकसान की भरपाई हो जाएगी। -शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी
फोटो-4- अजीतमल में खेत में कटी पड़ी फसल को सुखाने के लिए उलटफेर करता किसान। संवाद
फोटो-4- अजीतमल में खेत में कटी पड़ी फसल को सुखाने के लिए उलटफेर करता किसान। संवाद
फोटो-4- अजीतमल में खेत में कटी पड़ी फसल को सुखाने के लिए उलटफेर करता किसान। संवाद