अछल्दा। थानाक्षेत्र में सोमवार रात रेलवे स्टेशन के पास हादसे में युवक की मौत के मामले में मंगलवार सुबह उसकी शिनाख्त रेलवे के गैंगमैन के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन में चीख-पुकार मची है। हादसा तेजस राजधानी की चपेट में आने से हुआ था।
घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है। अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास खंभा नंबर 1117/16 के पास नई दिल्ली से राजेंद्र नगर टर्मिनल जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। मंगलवार सुबह मृतक की पहचान धीर सिंह (35) निवासी ग्राम बघनपुर्वा पाता थाना फफूंद के रूप में हुई।
परिजन ने बताया कि धीर सिंह रेलवे में गैंगमैन थे। उसकी ड्यूटी पाता हाल्ट से लेकर अछल्दा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पेट्रोलिंग की थी। सोमवार देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन को चिंता हुई। इसी बीच जीआरपी के जरिए उन्हें इस हादसे की सूचना मिली। धीर सिंह के बड़े भाई सुधीर यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
उधर बेटे की अचानक मौत से मां कस्तूरी देवी बदहवास हो गईं। जीआरपी थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया।