दिबियापुर (औरैया)। 28 मई से प्रयागराज से मेरठ सिटी के बीच चलने वाली स्पेशल संगम एक्सप्रेस सप्ताह में केवल चार दिन चलेगी। फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली इस ट्रेन के सप्ताह में तीन दिन न चलने से प्रयागराज एवं मेरठ सिटी जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। जिले से मेरठ सिटी जाने वाले यात्रियों के लिए यह इकलौती ट्रेन है।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार रेल प्रशासन ने कुछ ट्रेनों की फेरों की संख्या में कमी करने का निर्णय लिया है। इसमें 04163 अप एवं 04164 डाउन स्पेशल संगम एक्सप्रेस भी शामिल है। स्पेशल संगम एक्सप्रेस अब सप्ताह में केवल चार दिन ही चलेगी। बताया कि 04163 अप प्रयागराज से मेरठ सिटी 28 मई से सप्ताह में सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार को संचालित होगी। 04164 डाउन मेरठ सिटी से प्रयागराज मंगलवार, गुरुवार, शनिवार, रविवार को संचालित होगी। बता दें कि दैनिक यात्रियों की लाइफ लाइन कही जाने वाली आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एवं दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें पहले से ही बंद चल रहीं हैं। जिले से मेरठ सिटी जाने वाली इकलौती ट्रेन के फेरों में कमी होने से औरैया जिले के यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा।