दिबियापुर (औरैया)। जिले का प्रमुख रेलवे स्टेशन फफूंद आदर्श रेलवे स्टेशन घोषित है पर लगातार ट्रेनों के घटते स्टापेज से आमदनी गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक सात ट्रेन बंद हो चुकी हैं। 80 के दशक में यहां तिनसुकिया एवं आसाम मेल जैसी ट्रेनें रुकती थीं।
इटावा और कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशनों के मध्य के रेलमार्ग से गुजरने वाली ट्रेन के कोयले के इंजन को पानी देने के लिए वर्ष 1926 में 53870 गैलन क्षमता की एक टंकी बनाई गई। अप एवं डाउन रेलमार्ग के लिए दो बड़े वाटर कालम बनाए गए। सभी प्रमुख ट्रेनों को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोककर पानी दिया जाता था। बुजुर्ग बताते हैं कि अस्सी के दशक तक तिनसुकिया (वर्तमान में ब्रह्मपुत्र मेल), आसाम मेल (वर्तमान में एनई), अपर इंडिया (रेलवे ने संचालन ही बंद कर दिया) भी फफूंद पर रुकतीं थीं। पहले इन ट्रेनों का स्टापेज बंद हुआ तो बाद में जनता एक्सप्रेस, लालकिला एक्सप्रेस, कोलकाता आनंद विहार बंद हो गईं। इससे रेलवे की आय पर बुरा प्रभाव पड़ा। अब कई-कई महीने अलग-अलग कारणों से गोमती, महानंदा एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, मेमो पैसेंजर जैसी ट्रेनों के न चलने से भी आय में कमी आई है। फफूंद रेलवे स्टेशन पर आय लगातार घटती रही। वर्ष 2013-14 में आय कुल लगभग 11 करोड़ थी। जो अब घटकर मात्र लगभग 9 करोड़ रुपए सालाना रह गई है। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह का कहना है कि सुबह की शटल और शाम को शिकोहाबाद जाने वाली पैसेंजर सप्ताह में केवल शनिवार को बंद रहती है। शेष सभी ट्रेनें चालू हो गई हैं।
अनारक्षित टिकट की घटती आय एवं यात्री
वर्ष 2013-14 - आय 7,98,01,740 रुपये (यात्री17,45,862)
वर्ष 2017-18 - आय 68618877 रुपये (यात्री 1390432)
वर्ष 2018-19 - आय 64078771 रुपये (यात्री 1311451)
आरक्षित टिकट की घटती आय एवं यात्री
वर्ष 2013-14 - आय 3,09,76,420 रुपये (यात्री 98,816)
वर्ष 2017-18 - आय 26172255 रुपये (यात्री 65369)
वर्ष 2018-19 - आय 26351500 रुपये (यात्री 61661)
रात में कई घंटों तक नहीं है कानपुर और दिल्ली जाने को ट्रेन
दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन पर शाम 6 बजे गोमती एक्सप्रेस गुजरने के बाद कानपुर की ओर रात में 2 बजे अवध से पहले कोई ट्रेन नहीं है। जबकि रात साढ़े 9 बजे ऊंचाहार एक्सप्रेस गुजरने के बाद सुबह गोमती एक्सप्रेस ही दिल्ली जाने के लिए पहली ट्रेन है। इसके बीच फफूंद में पहुंचने वाले यात्री पूरी रात यहां ट्रेन का इंतजार करते रहते हैं। यात्रियों ने मांग की है कि इस समय अंतराल में ट्रेनों का ठहराव दिया जाए।
इन ट्रेनों की लंबे अरसे से चली आ रही मांग
1- दिल्ली आवागमन के लिए
पूर्वा एक्सप्रेस- फफूंद से गुजरने का समय तड़के लगभग 3.30 बजे (अप), रात 10 बजे (डाउन)
मगध एक्सप्रेस - फफूंद से गुजरने का समय तड़के लगभग 4 बजे (अप), रात 1 बजे (डाउन)
रीवा एक्सप्रेस - फफूंद से गुजरने का समय रात लगभग 11 बजे (अप), रात 2.30 बजे (डाउन)
दिल्ली आवागमन के लिए रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस
2- आगरा होते हुए जोधपुर जाने के लिए
बनारस जोधपुर के बीच चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस- फफूंद से गुजरने का समय रात 1.30 बजे (अप), रात 11.30 बजे (डाउन)
इटावा एवं आगरा के बीच चलने वाली इटावा आगरा मेमो को फफूंद से चलाने की मांग