दिबियापुर। कस्बे के सहायल रोड पर अबावर गांव में व्यापारी पर फायरिंग करने के आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस प्रयास कर रही है। गांव से लेकर गौतमबुद्ध नगर तक दबिश दी जा चुकी है। इसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। आरोपियों ने 28 जुलाई की शाम रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट के बाद फायरिंग कर दी थी।
दिबियापुर कस्बा के सहायल रोड अबावर गांव में देवेश कुमार परचून की दुकान है। रिपोर्ट में उसने दर्ज कराया था कि 28 जुलाई को वह दिबियापुर से अपने गांव अबावर जा रहा था। अबावर तिराहे पर शिवम कश्यप की दुकान से सामान खरीदने लगा तभी वहां मौजूद अमौआहार निवासी केपी यादव व प्रांशू यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था।
रात करीब आठ बजे अबावर तिराहे पर हरी सिंह की मडैया निवासी पंकज यादव, अमौआहार निवासी केपी यादव, आदर्श यादव, प्रांशू यादव व अबावर निवासी शिवम कश्यप समेत अज्ञात लोग कार व बाइकों से आए। जाति सूचक गालियां देने लगे। आरोपियों ने छह राउंड फायरिंग कर दी थी। गनीमत रही उसके हट जाने से वह बच गया। मौके पर पहुंची मां रेखा देवी व चाचा पुष्पेंद्र के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। देर रात देवेश की तहरीर पर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने दबिश दी।
बुधवार रात एक आरोपी के गांव में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देख वह खेत से होते हुए भाग गया। हालांकि उसकी बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। अपराध निरीक्षक वीनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है। जल्द पकड़ लिया जाएगा।