दुकान से नमूना लेती टीम। स्रोत कर्मचारी
औरैया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए टीम ने तीन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 18.5 हजार रुपये कीमत की दूषित मिठाइयों को नष्ट कर दिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास व अनिल कुमार संखवार ने मुरादगंज के मुख्य बाजार स्थित तीन प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। टीम ने मौके से रंगीन बूंदी के लड्डू व रेडीमेड बूंदी के दो-दो और मोतीचूर लड्डू के एक नमूने लेकर सील कर दिया।
इसके बाद जांच के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया। छापे के दौरान टीम ने 25.5 हजार रुपये कीमत के 300 किलो रेडीमेड बूंदी को सीज कर दिया। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई गईं मिठाइयों पर विभाग ने कार्रवाई की। 50 किलो रंगीन लड्डू, 20 किलो घटिया बर्फी और 20 किलो दूषित मिल्क केक को मौके पर ही नष्ट कराया।
सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।