इलाहाबाद की कचहरी में दरोगा द्वारा अधिवक्ता की गोली
मारकर हत्या के मामले को लेकर जिला जजी में सोमवार को न्यायिक कार्य ठप
रहा। वकीलों ने हंगामा कर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान निकलने का
प्रयास कर रहे दो लोगों को अधिवक्ताओं ने पीट दिया। बाद में तहसीलदार को
ज्ञापन भी सौंपा।
इलाहाबाद की घटना को लेकर सोमवार को जिला जजी के
वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल पर रहे। वकीलों ने कचहरी के
सामने फफूंद मार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक लगे जाम में खानपुर हाईवे
से लेकर कचहरी तक और दूसरी तरफ दिबियापुर तिराहे से लेकर कचहरी तक वाहनों
की कतारें लग गई।
सड़क पर बैठे वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ
जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही सीओ सदर शिवराज सिंह और तहसीलदार
सदर रामनयन मौके पर पहुंचे और वकीलों को समझाने का प्रयास किया।
वकीलों
ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर इलाहाबाद के डीएम और एसपी को हटाने तथा मृत
वकील के परिजनों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने की मांग की। अधिवक्ताओं का
कहना है कि जब तक मांगे नहीं मानी जाती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों
में अधिवक्ता अशोक अवस्थी, देवालय दुबे, अरविंद पाल पम्मू, नितिन अवस्थी,
अभिषेक मिश्रा, धीरेंद्र शुक्ला, महावीर शर्मा, अभिषेक पांडेय, संजीव
पांडेय, ज्ञानेंद्र दुबे, ओमकार पांडेय, हरीशंकर शर्मा, श्रीकृष्ण दुबे,
अशोक पाल, सुनील त्रिवेदी, अतेंद्र पांडेय, रुद्र प्रताप सिंह यादव, प्रमोद
भदौरिया, अरविंद कुमार, महामंत्री शंभूदयाल कुशवाहा, कुलदीप शुक्ला, रवि
तिवारी, सीपू शुक्ला, विशाल पोरवाल, रवि दोहरे भी शामिल रहे।