औरैया। शहर की पॉश कॉलोनी आवास विकास के पांच ब्लॉकों को पालिका के हैंडओवर होने में सीवरेज सिस्टम रोड़ा बना है। इस सिस्टम के लिए पिछले पांच साल से कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं। आखिरकार तमाम संशोधन के बाद अब आवास विकास परिषद ने यहां की कॉलोनी के सीवरेज सिस्टम का तकरीबन डेढ़ करोड़ का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि इसे मंजूरी मिलने का इंतजार है।
आवास विकास कॉलोनी में सात ब्लॉक है। एक व दो ब्लॉकों को आवास विकास कॉलोनी ने पालिका को हैंडओवर कर दिया है लेकिन पांच ब्लॉकों में रहने वाली पांच हजार के करीब आबादी हैंडओवर न होने से समस्याओं से जूझ रही है। यहां पर जलनिकासी से लेकर सीवरेज सिस्टम फेल है। गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मच्छरों का प्रकोप है। यहां तक कि संक्रामक बीमारियां भी पैर पसारे हुए हैं लेकिन कॉलोनी के पांच ब्लॉकों को पालिका के हैंडओवर नहीं किया जा सका है।
पालिका की ओर से पांच ब्लॉकों को हैंडओवर पाने के लिए सीवरेज सिस्टम का पेच रखा गया है। इस कमी को पूरा करने के लिए पिछले पांच साल से प्रयास चल रहे हैं। कॉलोनी के निवासी एसएसएस परिहार, विशाल कुमार, राजीव सिंह, कुलदीप कुमार समेत अन्य लोगों का कहना है कि कॉलोनी को हैंडओवर करने के लिए कागजी प्रयास चलते रहते हैं लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है।
आवास विकास परिषद के एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि कॉलोनी में सीवरेज सिस्टम बनाने के लिए डेढ़ करोड़ तक का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इसमें कुछ संशोधन भी किए गए हैं। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सीवरेज सिस्टम की पुख्ता व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।