औरैया। शहर के समीपवर्ती गांवों को नगर पालिका में जोड़ने का प्रस्ताव शासन से खारिज हो गया है। अब इन गांवों में भी पहले की तरह पंचायत चुनाव कराए जाएंगे।
अब इन गांवों को दोबारा निकाय में शामिल करने के लिए पालिका प्रस्ताव बनाकर भेजेगी, लेकिन इसमें वक्त लगेगा। दो माह पहले नगर पालिका परिषद ने शहर की सीमा से जुड़े 18 गांवों को पालिका में शामिल करने का नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा था।
इस प्रस्ताव के बाद इन गांवों में पंचायत की सरगर्मियां सुस्त पड़ गई थीं। इन गांवों में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी उहापोह की स्थिति थी।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी भी शासन से कोई आदेश न आने की बात कह चुके हैं। सोमवार को पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि शासन ने पालिका के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है। इससे अब इन गांवों में प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर कोई असमंजस नहीं है।
इन गांवों में फिलहाल अगला पंचायत चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर दोबारा इन गांवों को जोड़ने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा, लेकिन अभी इसमें समय लग सकता है। इस मौके पर अधिशासी अभियंता रामआसरे कमल भी मौजूद थे।