ककोर। पिछले एक पखवाड़े से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में सारथी पोर्टल में आई दिक्कत की वजह से कार्यालय का काम काफी प्रभावित है। यहां लाइसेंस, नवीनीकरण, लर्निंग व फिटनेस को लेकर पहुंचने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कई लोगों को बिना काम के वापस भी जाना पड़ा।
जिले में लाइसेंस को लेकर 50 स्लॉट निर्धारित है। वहीं इसी तरह से नवीनीकरण, फिटनेस व लर्निंग को लेकर भी तय हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद मिली तारीख के तहत पहुंच रहे लोगों को एआरटीओ कार्यालय में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यहां सारथी पोर्टल के ठीक से काम न करने की वजह से दिक्कत आ रही है। गुरुवार को भी यह समस्या बनी रही।
आरआई बलवंत सिंह बार-बार पोर्टल को खोलने व आवेदन के तय कागजी कवायद का प्रयास करते रहे। घंटों देरी के बाद गिने-चुने लोगों का ही काम हो सका। वहीं काफी संख्या में लोग वापस लौट गए। इस दौरान कार्यालय के अधिकारी से लेकर कर्मचारी लोगों को पोर्टल में दिक्कत का हवाला देते नजर आए। आरआई बलवंत सिंह ने बताया कि सारथी पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है। काफी देर से एक आवेदन पर काम हो पा रहा है। इसके चलते परेशानी है। तय स्लॉट के तहत काफी लोगों का काम नहीं हो पा रहा है।