औरैया। डिपो में बसों की कमी सवारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हालत यह है कि सवारियों को हाईवे पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जो वाहन मिल रहे हैं वह मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
रोडवेज डिपो की 20 बसें चुनाव ड्यूटी में गई हैं। इससे यात्री परेशान हैं। औरैया डिपो से 65 में 45 बसों का ही संचालन हो रहा है। बसों के कम होने से सबसे ज्यादा परेशानी इटावा, कानपुर आने जाने वालों को हो रही है। रोडवेज बसों में यात्रियों से एक रुपये पांच पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया वसूला जाता है लेकिन निजी वाहनों के चालक इससे कई गुना ज्यादा किराया ले रहे हैं।
गुरुवार को डिपो में बसों के देर से आने और कमी के चलते सवारियां निजी बसों, टेंपो, ऑटो, ट्रक, डीसीएम, टैंकर आदि से जाने के लिए मजबूर हुईं। सवारियों से डेढ़ गुना ज्यादा किराया लिया गया। लेकिन मजबूरी के चलते लोग इसका विरोध भी नहीं कर पाए। टेंपो स्टैंड पर गुरुवार को खासी भीड़ रही। सवारियों को भूसे की तरह भरकर प्राइवेट वाहन फर्राटा भरते दिखे।
डिपो के बाहर लगी बसों की लाइन
औरैया डिपो पर चुनाव ड्यूटी में लगीं बसों को डीजल देने की व्यवस्था की गई है। इस कारण डिपो के बाहर बसों की लाइन लगी रही। गुरुवार को एक किलोमीटर तक बसों के खड़े होने से जाम भी लगा। आम लोगों को खासी परेशानी हुई। वाहनों की किल्लत के साथ लोग जाम से भी जूझे।