ब्लाक औरैया के ग्राम बूढ़ादाना के जन सहयोगी इंटर कालेज में संलग्न प्राइमरी में प्रबंधतंत्र व प्रधानाचार्य पर ग्रामीणों ने टीचरों फर्जी नियुक्ति किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीण डीएम, तहसील दिवस व संयुक्त शिक्षा निदेशक से यह शिकायत कर चुके हैं। दावा किया कि शिकायत गलत पाई जाए तो वह जुर्माना भुगतने को तैयार हैं।
डीआईओएस राजकुमार पंडित को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया है कि गांव में जन सहयोगी इंटर कालेज बूढ़ादाना के नाम से संचालित है। टीचरों को वेतन माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा दिया जाता है।
आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य वीरपाल सिंह ने विभागीय कर्मचारियों से सांठगांठ करके 305-400 तक छात्र संख्या दिखाकर एवं रुपयों का लेनदेन कर तीन और शिक्षकों की नियुक्तियां प्राइमरी अनुभाग में कर ली हैं। स्वीकृति हेतु नियुक्ति पत्रावलियां डीआईओएस कार्यालय में लंबित हैं।
इसी विद्यालय में टीचर प्रमोद कुमार सिंह फर्जी बीएड दिखाकर 20 वर्षो से नौकरी कर रहा है, जिसकी शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य व विभागीय कर्मचारी की मिलीभगत होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर शिकायत गलत पाई तो वह जुर्माना भुगतने के लिए तैयार हैं।
शिकायती पत्र सौंपने वालों में सौरभ कुमार पाठक, हरगोविंद अवस्थी, केशव सिंह, प्रेमचंद्र, पुनीत शुक्ला, सुशील कुमार, अनुज कुमार, शकील अहमद, कस्तूरी देवी, रामकुमार दुबे, रामशंकर बाथम, ललित कुमार, अनुसुईया, मनोज कुमार, बलवंत सिंह, बाबूराम त्रिपाठी आदि प्रमुख हैं।