औरैया। जिले के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड के आरोपी पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक सहित अन्य आरोपियों पर 10 जून को अवैध रूप से प्लॉट कब्जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था।
इस मामले में पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इससे माना जा रहा है कि पूर्व एमएलसी की मुश्किलें और बढ़ेंगी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब पूर्व एमएलसी पर और शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। पुलिस अब कमलेश पाठक को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है।
रिमांड के जरिए पुलिस उनसे नए दर्ज हुए धोखाधड़ी के मामलों और अन्य साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए कोर्ट में अर्जी डालने की तैयारी चल रही। इसी मामले में शामिल अब्दुल सत्तार उर्फ सत्तार अहमद, शाहिद सुल्तान और शाहिद सुल्तान के लड़के की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वहीं इससे पहले पूर्व एमएलसी पर बटन कारोबारी से रंगदारी मांगने का मामला और गैंगस्टर एक्ट पहले से ही उसकी रिहाई की राह में बड़ी बाधा बना हुआ। इन मामलों को लेकर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।