औरैया। किसी भी घर की महिला को चूल्हे में खाना पकाने की जहमत न उठानी पड़े। इसे लेकर जीरो पॉवर्टी सर्वे के तहत गैस कनेक्शन के लाभ से वंचित चल रहे जिले के नौ हजार परिवारों को चिह्नित किया गया है।
गैस एजेंसी संचालकों को इनकी सूची भेजी जा रही है। लाभार्थियों को योजना का लाभ देने के लिए आवेदन कराए जाएंगे। एक साल पहले पंचायत राज विभाग की ओर से जीरो पॉवर्टी सर्वे किया गया था। इस सर्वे में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित चल रहे पात्रों को सूचीबद्ध किया गया।
इस सर्वे की रिपोर्ट को अब पूर्ति अधिकारी कार्यालय को साझा किया गया है। विभाग की ओर से अब इन पात्रों को लाभ देने के लिए गैस एजेंसियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। पात्रों के आवेदन भराने से लेकर योजना के तहत मानकों को पूरा कराया जाएगा।
फरवरी माह तक यह काम पूरा किया जाना है। पात्रों को योजना का लाभ लेने के लिए राशनकार्ड से लेकर अन्य जरूरी मानकों का पालन पूरा करना होगा। जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जीरो पॉवर्टी सर्वे के तहत नौ हजार पात्रों के नाम सामने आए हैं। अब इन्हें उज्ज्वला योजना का लाभ देने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।