औरैया। बारिश से क्षतिग्रस्त जिला पंचायत की सड़कों की मरम्मत के लिए सर्वे शुरू हो गया है। अब तक 5.50 किलोमीटर सड़क की मरम्मत का खाका तैयार किया जा चुका है। 15 से 20 दिनों में क्षेत्र की सभी 116 डामरीकृत सड़कों का सर्वे पूरा कराने का लक्ष्य है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर योजना को मूर्तरूप दिया जाएगा।
बिधूना ब्लॉक में सराय रजवाहा से मढोकमीत जाने वाली 1.84 किलोमीटर डामरीकृत सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसी तरह भाग्यनगर ब्लॉक में फफूंद-मुरादगंज मार्ग से अधासी गांव तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क भी बदहाल है। गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। माल्हेपुर से भरतपुर संपर्क मार्ग और ग्राम भरसेन में बंबा की पटरी से भरसेन तक सड़क की भी मरम्मत कराई जानी है। इन सड़कों की स्थिति का भी सर्वे किया जा रहा है। अभियंताओं की टीम सर्वे पूरा करने के बाद रिपोर्ट अपर मुख्य अधिकारी को सौंपेगी। इसके बाद मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष को प्रशासक बनाए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कमिश्नर की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। ऐसे में सड़क मरम्मत का प्रस्ताव तैयार होने के बाद डीएम के माध्यम से कमिश्नर को भेजा जाएगा। अनुमति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
5.50 किमी सड़क की मरम्मत के लिए 5.50 लाख रुपये का टेंडर किया जा चुका है। बारिश में खराब हुई अन्य सड़कों का भी सर्वे कराया जा रहा है।
-सुभाष भारतीय, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत