औरैया। इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम आने के साथ ही जिले भर के डिग्री कॉलेजों में प्रवेश को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को जानकारी के लिए कोई परेशानी न हो इसके लिए हेल्प डेस्क स्थापित की जाने लगी है। तिलक महाविद्यालय में शिक्षकों ने पूजन के साथ नए सत्र में प्रवेश की शुरुआत कर दी है।
तिलक महाविद्यालय में इंटर का परीक्षाफल घोषित हो जाने के बाद बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम में प्रवेश के लिए हेल्प डेस्क की शुरूआत प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी अच्छे अंक लाने वाले बच्चों को पहले प्रवेश दिया जाएगा। उनका कहना है कि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को शिक्षण व्यवस्था के तहत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पढ़ाई व प्रयोगशाला में अनुभवी शिक्षकों द्वारा कक्षाएं नियमित संचालित की जाती हैं। वहीं एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड तथा खेल मैदान की सुविधा भी उपलब्ध है। पिछले वर्ष आधा सैकड़ा छात्रों ने विश्वविद्यालय की टीम में हिस्सेदारी की है और सफलता पाई। इस मौके पर प्रो.विवेक कुमार गुप्ता, डॉ. एसएस लाल कटियार, पल्लवी सिंह, डॉ. विकास दुबे, डॉ. सोनिया मिश्रा, डॉ. अनीता परिहार, गायत्री बाथम, डॉ. अनुपमा वर्मा, मेघा शुक्ला, नरेश भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।