औरैया। 50 शैया जिला अस्पताल में लगभग नौ सालों से बंद पड़े ब्लड बैंक का संचालन जल्द शुरू होगा। मिशन निदेशक ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जल्द से जल्द इसे शुरू करने के लिए कहा है। मिशन निदेशक की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद सीएमएस ने सोमवार को ड्रग निरीक्षक को पत्र लिखकर ब्लड बैंक का निरीक्षण करने के लिए कहा है। ताकि लाइसेंस रिन्यूवल में आने वाली कमियों को जल्द दूर किया जा सके।
पिछले नौ सालों से ब्लड बैंक की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को जल्द इसकी सुविधा मिलने लगेगी। जिले के लोगों को अभी ब्लड के लिए आसपास के जिलों की दौड़ लगानी पड़ती है। कई बार तो ब्लड समय पर न मिलने पर मरीज की जान तक चली जाती है।
2013 में तत्कालीन पैथोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर मोहन के स्थानांतरण के बाद ब्लड बैंक कुछ महीनों के बाद बंद हो गया था। इसके बाद ब्लड बैंक के लाइसेंस का रिन्यूवल भी अधर में लटक गया। अब नौ साल का समय बीत जाने के बाद भी ब्लड बैंक का संचालन शुरू नहीं हो सका।
हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से फिर से संचालन शुरू कराने के लिए प्रयास होते रहे। लगभग 22 दिन पहले अस्पताल में स्थायी पैथोलॉजिस्ट के रूम में डॉ. श्वेता डंडेलिया ने काम संभाल लिया था।
इधर, अस्पताल में पहले से मौजूद लैब टेक्नीशियन अशोक सिंह ने सीएमएस को दो साल ब्लड बैंक में काम करने का अनुभव होने का लिखित पत्र दिया है। इससे अस्पताल प्रशासन की प्रमुख कर्मचारियों संबंधी समस्या भी दूर हो गई है। अब जल्द ही इसका संचालन शुरू हो जाएगा।