जिले में पहली जनवरी से लागू खाद्य सुरक्षा कानून के क्रियान्वयन में छेद ही छेद नजर आ रहे हैं। पालिका की सर्वे सूची को दरकिनार कर की गई फीडिंग से पालिका प्रशासन में रोष है। वहीं डीलरों को अभी तक पात्रता सूची नहीं मिल पाई है। डीलर अभी तक उपभोक्ताओं के फार्म जमा करा रहे हैं। जबकि जिला पूर्ति विभाग योजना के क्रियांवयन से पूर्व 11 जनवरी को उद्घाटन की तैयारी में जुटा है।
जिले में पहली जनवरी से खाद्य सुरक्षा कानून लागू कर दिया गया है। इसके लिए उपभोक्ताओं को नए मूल्यांकन के आधार पर राशन का वितरण किया जाएगा। इसके लिए जिला पूर्ति विभाग 11 जनवरी से उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण की तैयारी कर रहा है। वहीं राशन डीलर उपभोक्ताओं से अभी तक फार्म भरवा रहे हैं।
उधर विभागीय अधिकारी फीडिंग पूरी होने का दावा कर रहे हैं। अमर उजाला की टीम ने जब शहर के उचित दर विक्रेताओं की दुकानों की पड़ताल की तो मौके पर दुकानें बंद मिली। वहीं मौजूद मिले डीलर मुन्नी देवी के पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें उपभोक्ताओं की सूची विभाग से उपलब्ध नहीं कराई गई है।
साथ ही उनके स्तर से डीएसओ कार्यालय को उपलब्ध कराए गए डाटा के तहत केवल 50 प्रतिशत लोगों के लिए ही राशन का उठान कराया गया है। उपभोक्ता रामकिशन निवासी ब्रह्मनगर, महेश कुमार निवासी भीखमपुर, विष्णु मदारदरवाजा ने बताया कि प्रत्येक माह की आठ तारीख के बाद से राशन का वितरण होता है। वह राशन लेने आए थे, लेकिन उन्हें फार्म दिया गया है।
डीलराें की दुकान के बाहर बने नोटिस बोर्ड पर जिला पूर्ति अधिकारी के आदेशानुसार इस माह का खाद्यान्न अग्रिम आदेश तक स्थगित किया गया है। इससे उपभोक्ताओं को इस माह का राशन भी अभी तक मिलना शुरू नहीं हो सका है। खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने से पूर्व पालिका को नगरीय क्षेत्र के कार्ड धारकों का सर्वे कर तैयार सूची डीएसओ कार्यालय को सौंपनी थी। इसके तहत नगरीय क्षेत्र के उपभोक्ताओं के फार्मों की फीडिंग की जानी थी। जबकि पालिका की ओर से दी गई सूची फीडिंग से नदारत बताई जा रही है।
मामले में पालिका के वरिष्ठ लिपिक मनोज गुप्ता ने बताया कि उनकी ओर से डीएसओ कार्यालय को जो सूची भेजी गई थी वह डीएसओ कार्यालय में की गई फीडिंग में नदारत नजर आ रही है। जबकि डीलरों की सूची के तहत वहां फीडिंग काम हो रहा है। जिला पूर्ति कार्यालय इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि फीडिंग का काम पूरा हो गया है। अब केवल संशोधन का काम किया जा रहा है। वहीं सभी डीलरों को सूची और राशन उपलब्ध करा दिया गया है। 11 जनवरी को योजना के उद्घाटन के साथ ही उपभोक्ताओं को राशन वितरण शुरू हो जाएगा।