औरैया। दिल्ली से चलकर नाॅन स्टाॅप कानपुर की ओर जा रही त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस ट्रेन में मंगलवार तड़के दिल्ली निवासी एक गर्भवती ने बच्ची को जन्म दिया। परिजनों ने रेलवे के इमरजेंसी नंबर 182 पर सूचना दी, जिसके बाद रेलवे का अमला सक्रिय हो गया। ट्रेन को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोकने की तैयारी थी, लेकिन इसके पहले ही प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया। दोनों स्वस्थ हैं।
त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस एक्सप्रेस में दिल्ली निवासी करुणा देवी अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। दिल्ली से ट्रेन रवाना होने के बाद सीधे कानपुर में ठहराव था। करुणा देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्रसूता के पति अमित कुमार ने अन्य यात्रियों के सुझाव पर रेलवे के इमरजेंसी नंबर 182 पर मदद मांगी। रेलवे के अधिकारियों से लेकर जीआरपी व आरपीएफ एक्शन मोड में आ गए। मेमो जारी करते हुए आरपीएफ को सूचना हुई। सुबह पांच बजे ट्रेन को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोका गया।
रेलकर्मियों के अनुसार जब तक ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकती तब तक ट्रेन के कोच में यात्रा कर रही महिलाओं की मदद से महिला का प्रसव करा दिया गया। महिला ने एक बेटी को जन्म दिया। ट्रेन से महिला को उतारने के लिए लगभग आधा घंटे तक ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। एंबुलेंस से मां और बच्ची को दिबियापुर सीएचसी ले जाया गया।