बिधूना कोतवाली में रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के असजना में एक गर्भवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वाले ससुराल से शव लेकर कोतवाली पहुंचे और ससुरालियों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कानपुर देहात के कहिंजरी गांव, रसूलाबाद निवासी राकेश सिंह के बेटे अनुराग ने बताया कि बहन रश्मि (23) की शादी 22 अप्रैल 2021 को असजना, बिधूना निवासी राज से की थी। आरोप लगाया कि बहन गर्भवती थी, लेकिन ससुराल वाले इलाज नहीं करा रहे थे और उसकी मौत हो गई।
मायके पक्ष के लोग शव लेकर कोतवाली जा पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस ने मायके पक्ष को समझाकर शांत कराया और शव को सीएचसी बिधूना भेजा। पति राज ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे पत्नी को उल्टी होने पर सीएचसी बिधूना ले गए।
महिला डॉक्टर ने देखकर अल्ट्रासाउंड कराया। इसके बाद सैफई रेफर कर दिया। इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।