ककोर। चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज में बारिश से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। बारिश होते ही ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की केबल में खराबी आने से बिजली गुल हो जाती है, जिससे मरीजों की जान और सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा, जच्चा-बच्चा ओटी के दुरुस्त न होने के कारण ऑपरेशन भी सामान्य ओटी में ही करने पड़ रहे हैं।
दूसरी ओर, बारिश के दौरान जनरल वार्ड की छतों व दीवारों से पानी टपकने के कारण फर्श जलमग्न हो गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत हुई। मामले में प्राचार्य डॉ. मुकेशवीर सिंह ने बताया कि ओटी की खराब केबल मंगाई गई है। जल्द ही व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है। वहीं, भवन का निर्माण करने वाली कंपनी ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। लीकेज की समस्या भी जल्द दूर कर ली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर महिला अस्पताल भवन को खाली कराकर 300 बेड के अस्पताल में ओटी स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जा रहा है।