औरैया। तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का समर्थन जुटाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत बीहड़ के गांवों से हुई। पहले दिन सदर ब्लॉक और अजीतमल ब्लॉक के गांवों में अभियान चला। जिससे जुड़े किसानों ने कहा कि मौजूदा सरकारें उनसे खेती छीनने का काम कर रही हैं।
जिला कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे ने बताया कि बुधवार को सदर ब्लॉक के गांवों में जिला सचिव इनामुल हक और अजीतमल ब्लॉक में जिला सचिव विक्रम दिवाकर के नेतृत्व में बीहड़ के गांवों से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। 31 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान में हजारों किसानों का समर्थन प्राप्त करना है। 31 अक्तूबर को किसानों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।
राजीव गांधी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए जिला कांग्रेस पार्टी पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन करेगी। जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे ने बताया कि इस समारोह के संबंध में 15 अक्तूबर को 11 बजे श्रीसंकट मोचन धर्मशाला परिसर में बैठक होगी। प्रदेश सचिव विकास अवस्थी और प्रदेश कांग्रेस महासचिव प्रकाश प्रधान हिस्सा लेंगे। प्रांतीय नेताओं द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं की जानकारी देने के साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह के संबंध में चर्चा की जाएगी। बैठक में सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, सेवा दल, महिला, किसान व सैनिक प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नगर कमेटी के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।