औरैया। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा ने भाजपा की जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। पदाधिकारियों की घोषणा होने के बाद कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। पदाधिकारियों के आवास पर भी कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा ने बताया कि जिले कमेटी के पदाधिकारियों के चयन को लेकर प्रांतीय नेताओं द्वारा की बिंदुओं पर जांच के बाद जिला कमेटी की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि जिला कमेटी में भुवन प्रकाश शिवहरे, धीरेंद्र गौर, कौशल किशोर को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया। इसके साथ ही रजनीश पांडेय, प्रेम गुप्ता, अमरचंद्र राठौर, चंद्रकांती मिश्रा, अनंगपाल सिंह तोमर, विकास गौर, सर्वेश कठेरिया, ललिता दिवाकर को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। लाल सिंह सेंगर, विशाल शुक्ला, सुधांशु (ऋषि पांडेय), अनिल शाक्य, सतेंद्र भदौरिया, योगेंद्र कैथवार, अंशुल दुबे, गुड़िया कठेरिया को जिला मंत्री और जयपाल सिंह को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
उन्होंने बताया कि शीघ्र चयनित पदाधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और उन्हें उनकी जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की जाएगी।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विवेक पाठक, दिलीप मिश्रा, ब्रजेश बंधु, अनुराग मिश्रा, आकाश तिवारी, विशाल शुक्ला आदि ने चयनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए बताया कि जिला कमेटी में नए चेहरों के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिली है।