फोटो 22एयूआरपी23- जानकारी देते वोटर्स पार्टी के प्रांतीय सचिव व अन्य
- फोटो : AURAIYA
औरैया। वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल ने बुधवार को मोहल्ला बनारसीदास स्थित पार्टी कार्यालय में जनसंपर्क व सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान देश भर के मतदाताओं को छह हजार रुपये प्रतिमाह देने की आवाज बुलंद की। संगठन के नेताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र नहीं नेता तंत्र हाबी है। इसलिए उनकी पार्टी लोकतंत्र की पुनर्स्थापना करके ही दम लेगी।
वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के प्रांतीय सचिव राम सिंह लोधी ने जनसंपर्क और सदस्यता अभियान के दौरान भूमि सीलिंग एक्ट की तर्ज पर भूमि सीलिंग विधेयक पारित किया जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो धन सीलिंग एक्ट लगाकर अर्थ व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी।
उन्होंने असम प्रांत में जल्द ही सरकार बनाने का दावा किया है। कहा कि उनकी पार्टी की ओर से भारत के 18 प्रांतों में तैयारियां जारी हैं। उनकी सरकार आने पर वह भ्रष्टाचार, गुलामी व गरीबी को दूर करने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वोटरशिप लागू होने से खासकर लघु उद्योगों को लाभ होगा। साथ हीं आर्थिक क्रांति भी आएगी। इसके अलावा कृषि क्षेत्र के लिए उनकी पार्टी की ओर से लगभग 60 प्रतिशत बजट सीधे जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश में क्रय शक्ति घटी है, जिससे विभिन्न फैक्ट्रियों में माल भरा पड़ा है। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार आने पर वह क्रय शक्ति को बढ़ाकर मंदी का संकट दूर कराएंगे। इसके अलावा सरकार बनते ही 10 लाख युवाओं को एक साथ नौकरियां देने का भी वादा किया। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानी एवं केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सोबरन सिंह कुशवाहा व वोटर्स पार्टी के जिला अध्यक्ष रामकेश बघेल मौजूद रहे।