औरैया। सदर कोतवाली में एक छात्रा ने फौजी समेत चार लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने उसकी तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। अब पुलिस में दिए बयान में पीड़िता ने केवल फौजी अंकित पर दुष्कर्म करने की बात कही है। इस बात की पुष्टि कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने की। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामले को उचित धाराओं में बदला जाएगा। साथ ही आरोपी फौजी की तलाश शुरू तेज कर दी गई है।
क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली छात्रा ने 29 नवंबर को फौजी अंकित समेत चार लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता ने केवल अंकित के दुष्कर्म करने की बात कही है। जांच में भी घटना स्थल पर अंकित के साथ कार में दो युवकों के देखे जाने की बात सामने आई थी। यह भी पता चला है कि घटना के िदिन आरोपी अंकित छुट्टी पर अपने घर आया था। इधर, एसपी सुनीति ने बताया कि आरोपी फौजी अंकित इलाहाबाद में तैनात है। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह छुट्टी लेकर इलाहाबाद से कहीं फरार हो गया है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। एसपी के मुताबिक अंकित और पीड़िता एक दूसरे को 11 महीने से जानते थे। घटना के एक घंटे पहले भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले की अभी जांच की जा रही है।