फोटो-52- तिलक नगर मोहल्ला में मुनादी करती पुलिस। स्रोत पुलिस
औरैया। अयाना थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तीन आरोपियों के घर पहुंच कर डुगडुगी पिटवाई और मोहल्ले के लोगों को उनके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी देते हुए घर के बाहर नोटिस चस्पा की।
अजीतमल कोतवाली पुलिस की ओर से शहर के मोहल्ला सैनिक कॉलोनी निवासी हारून, मोहल्ला तिलक नगर निवासी इमरान खान व गांव तालेपुर निवासी लवकुश कुशवाहा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से आरोपी भागे हुए हैं। मामले की जांच अयाना थाना पुलिस को दी गई। तीनों आरोपियों को पुलिस ने पकड़ने के प्रयास किया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
रविवार को अयाना थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल फोर्स के साथ आरोपियों के घर पहुंचे। वहां डुगडुगी पिटवाकर ढोल-नगाड़ों संग मुनादी कराई गई। बाद में तीनों आरोपियों के घरों में नोटिस चस्पा किया गया। मुनादी के दौरान पुलिस ने चेतावनी दी कि आरोपी जल्द हाजिर नहीं हुए तो उनके खिलाफ संपत्ति कुर्क की कार्रवाई होगी।