कस्बेे में पैदल गश्त करती पुलिस।
- फोटो : amarujala
बिधूना क्षेत्र के कसबा कुदरकोट में दो साधुओं की हत्या के मामले में पुलिस व पीएसी लगातार कसबे में तैनात है। मंगलवार को सीओ भास्कर वर्मा ने पुलिस टीम के साथ कसबा स्थित सभी मंदिरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सब कुछ ठीक पाया। निरीक्षण के बाद सीओ ने बताया कि सभी मंदिरों पर शांति है। मंदिरों में मौजूद पुजारी पूरी श्रद्धा से पूजा-पाठ करते पाए गए। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार आसपास के जिलों में भी दबिशें दे रही है।
कुदरकोट के भयानक नाथ मंदिर पर साधुओं की हत्या के बाद कसबे का माहौल दहशत भरा हो गया था। पुलिस ने इस मामले में पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। जबकि नौ हत्यारोपियों की अभी भी तलाश जारी है। उधर कसबे के मंदिरों से पुजारियों के छोड़कर जाने की अफवाह के चलते सीओ भास्कर वर्मा ने पुलिस टीम के साथ मंगलवार को सभी मंदिरों का निरीक्षण किया।
सीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी मंदिरों में शांतिपूर्ण माहौल मिला। पुजारी पूजा कार्य में व्यस्त दिखाई दिए। किसी भी मंदिर से कोई भी पुजारी छोड़कर नहीं गया है। कसबे का माहौल धीरे-धीरे पूर्ववत स्थिति में आ रहा है। साथ ही हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार आसपास के जिलों में भी दबिशें दे रही है। जल्द ही शेष हत्यारोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।